राज्यपाल ने सम्मानित किए प्रतिभाशाली विद्यार्थी ।राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण अभियान के तहत राज्य स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित, हिमाचल के 5,126 विद्यालयों के 2.38 लाख विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा
मोहिंद्र प्रताप सिंह राणा
संपादक ग्राम परिवेश साप्ताहिक
शिमला, 20 नवंबर। विद्युत उत्पादन के साथ सामाजिक विकास, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा और जनजागरूकता के विभिन्न क्षेत्रों में रचनात्मक पहल के माध्यम से अपनी भूमिका का विस्तार कर रहा एसजेवीएन लिमिटेड भावी पीढ़ी में ऊर्जा संरक्षण की चेतना विकसित करने के लिए भी निरंतर प्रयासरत है। इसी कड़ी में विद्युत मंत्रालय, भारत सरकार के राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण अभियान-2026 के अंतर्गत एसजेवीएन ने आज अपने कारपोरेट मुख्यालय शिमला में राज्य स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की। हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल कविन्द्र गुप्ता ने समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया।
एसजेवीएन के निदेशक (कार्मिक) अजय कुमार शर्मा, निदेशक (परियोजनाएं) राजेश कुमार चंदेल तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने राज्यपाल का स्वागत किया। इस अवसर पर राज्यपाल ने प्रतियोगिता के पुरस्कार विजेता विद्यार्थियों की पेंटिंग्स की प्रदर्शनी का अवलोकन किया और उनकी रचनात्मक अभिव्यक्ति की सराहना की। उन्होंने कहा कि चित्रकला जैसे सृजनात्मक माध्यमों से ऊर्जा संरक्षण के महत्व को प्रभावी ढंग से जनमानस तक पहुंचाया जा सकता है। उन्होंने ऊर्जा संरक्षण के प्रति जागरूकता और टिकाऊ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने में विद्यार्थियों, शिक्षकों, अभिभावकों तथा एसजेवीएन के सामूहिक प्रयासों की भी सराहना की।
राज्यपाल ने ग्रुप-ए (कक्षा पांचवीं से सातवीं) और ग्रुप-बी (कक्षा आठवीं से दसवीं) के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को क्रमशः 50 हजार, 30 हजार और 20 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की। दोनों समूहों में 10-10 विद्यार्थियों को 7,500 रुपये प्रति विद्यार्थी के हिसाब से प्रोत्साहन पुरस्कार भी दिए गए। इसके अतिरिक्त सभी प्रतिभागियों को स्मृति-चिह्न और 2,000 रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई।
प्रतियोगिता के विषय ‘ऊर्जा बचाएं, भविष्य सुरक्षित बनाएं’ तथा ‘बीईई स्टार लेबलों की चमकार, ऊर्जा सुरक्षा हो शानदार’ रखे गए थे। इनके माध्यम से विद्यार्थियों को ऊर्जा की बचत, ऊर्जा दक्षता और विद्युत उपकरणों के विवेकपूर्ण उपयोग का संदेश रचनात्मक ढंग से प्रस्तुत करने का अवसर मिला।
इस अवसर पर एसजेवीएन के निदेशक (कार्मिक) अजय कुमार शर्मा ने बताया कि इस वर्ष हिमाचल प्रदेश के सभी जिलों के 5,126 विद्यालयों से 2,38,548 विद्यार्थियों ने विद्यालय स्तर की चित्रकला प्रतियोगिता में भाग लिया। एक प्रतिष्ठित निर्णायक मंडल ने दोनों समूहों से 55-55 सर्वश्रेष्ठ पेंटिंग्स का चयन किया, जिनके रचनाकारों ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
उल्लेखनीय है कि एसजेवीएन वर्ष 2005 से विद्युत मंत्रालय, ऊर्जा दक्षता ब्यूरो, हिमाचल प्रदेश सरकार, राज्य शिक्षा विभाग और अन्य संबंधित हितधारकों के सहयोग से प्रदेश में राष्ट्रीय ऊर्जा संरक्षण अभियान की नोडल एजेंसी के रूप में कार्य कर रहा है। इस पहल के माध्यम से विद्यालयी विद्यार्थियों को ऊर्जा संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषय से जोड़ने के साथ उनमें पर्यावरणीय जिम्मेदारी और संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग की समझ विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रतियोगिता के ग्रुप-ए और ग्रुप-बी के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार विजेता विद्यार्थी अब 11 दिसंबर, 2026 को नई दिल्ली में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। इसका आयोजन ऊर्जा दक्षता ब्यूरो, विद्युत मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में किया जाएगा।