मोहिंद्र प्रताप सिंह राणा/ ग्राम परिवेश

झाकड़ी, 19 सितंबर। स्वच्छता किसी एक दिन चलाए जाने वाले अभियान का नाम नहीं, बल्कि सार्वजनिक जीवन में जिम्मेदारी और पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता को व्यवहार में उतारने की निरंतर प्रक्रिया है। इसी सोच को जमीन पर उतारते हुए नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन (एनजेएचपीएस) में स्वच्छता पखवाड़ा-2026 के तहत स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान में कर्मचारियों ने केवल परिसर की सफाई तक सीमित न रहते हुए सड़क किनारे बिखरे कचरे के वैज्ञानिक प्रबंधन और उचित निस्तारण के माध्यम से स्वच्छता को कार्यसंस्कृति से जोड़ने का संदेश दिया।

विद्युत मंत्रालय, भारत सरकार तथा एसजेवीएन के निगम मुख्यालय, शिमला के दिशा-निर्देशों के अनुरूप एनजेएचपीएस में 17 सितंबर से 2 अक्तूबर तक स्वच्छता पखवाड़ा आयोजित किया जा रहा है। इसी कड़ी में 19 सितंबर को मुख्य महाप्रबंधक एवं परियोजना प्रमुख एनजेएचपीएस ई. राजीव कपूर के नेतृत्व में सभी विभागाध्यक्षों और कर्मचारियों ने कार्यालय परिसर के समीप एनएच-05 (सीटीयू-1) पर स्वच्छता अभियान चलाया।

अभियान के दौरान कर्मचारियों ने सड़क किनारे और आसपास के क्षेत्र से प्लास्टिक, कागज तथा अन्य अपशिष्ट एकत्रित किया। कचरे को उचित रूप से अलग-अलग कर उसके वैज्ञानिक प्रबंधन और निस्तारण पर विशेष ध्यान दिया गया तथा एकत्रित अपशिष्ट का विधिवत निस्तारण किया गया।

इस अवसर पर परियोजना प्रमुख ई. राजीव कपूर ने विभागाध्यक्षों और कर्मचारियों का आह्वान किया कि स्वच्छता को केवल अभियान अथवा पखवाड़े तक सीमित न रखा जाए, बल्कि इसे दैनिक कार्यशैली और जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा बनाया जाए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण के लिए निरंतर जागरूकता, व्यक्तिगत जिम्मेदारी और सामूहिक सहभागिता आवश्यक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *