हिमाचल हाईकोर्ट में संविधान दिवस पर प्रस्तावना का सामूहिक पाठ

मोहिंद्र प्रताप सिंह राणा

संपादक ग्राम परिवेश साप्ताहिक

शिमला, 26 नवंबर। संविधान किसी राष्ट्र की शासन व्यवस्था का आधार मात्र नहीं, बल्कि उसके लोकतांत्रिक मूल्यों, नागरिक अधिकारों, कर्तव्यों और न्यायपूर्ण समाज की परिकल्पना का जीवंत दस्तावेज है। इसकी प्रस्तावना में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुता के आदर्श लोकतंत्र की बुनियादी प्रतिबद्धताओं को अभिव्यक्त करते हैं। संविधान दिवस के अवसर पर हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय ने भी संविधान निर्माताओं के योगदान का स्मरण करते हुए संवैधानिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय, शिमला में गुरुवार को संविधान दिवस मनाया गया। इस अवसर पर उच्च न्यायालय के रजिस्ट्रार जनरल विकास भारद्वाज ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति में भारतीय संविधान की प्रस्तावना का पाठ किया। कार्यक्रम का उद्देश्य भारतीय संविधान को अंगीकार किए जाने की ऐतिहासिक घटना का स्मरण करने के साथ-साथ संविधान सभा के संस्थापक सदस्यों और संविधान निर्माताओं के योगदान को सम्मानपूर्वक याद करना था।

इस अवसर पर उच्च न्यायालय के अन्य रजिस्ट्रार नितिन कुमार (रजिस्ट्रार, रूल्स, आईटी एवं भर्ती), हरीश शर्मा (रजिस्ट्रार, न्यायिक), अविनाश चंद्र (रजिस्ट्रार, प्रशासन, जीएडी एवं जेबी), निशांत वर्मा (केंद्रीय परियोजना समन्वयक), राजेश शर्मा (रजिस्ट्रार, लेखा) तथा पूनम महाजन (रजिस्ट्रार, स्थापना) सहित उच्च न्यायालय रजिस्ट्री के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में उपस्थित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संविधान के प्रति निष्ठा और सम्मान बनाए रखने तथा उसके मूल्यों एवं आदर्शों का पूरी निष्ठा से पालन करने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *