तीन वर्षों में दुष्कर्म के 1,386 और छेड़छाड़ के 499 मामले दर्ज, घरेलू हिंसा की 19,526 शिकायतें पहुंचीं सरकारी एजेंसियों तक

मोहिंद्र प्रताप सिंह राणा
संपादक ग्राम परिवेश साप्ताहिक

शिमला। जिस हिमाचल प्रदेश की पहचान कभी भाईचारे, पारस्परिक सहयोग, सामाजिक सौहार्द और महिलाओं के प्रति सम्मान की परंपरा से रही है, उसी देवभूमि की सामाजिक तस्वीर आज महिलाओं के खिलाफ अपराधों के चिंताजनक आंकड़ों से सवालों के घेरे में है। पांच-छह दशक पहले तक जिस पहाड़ी समाज में आपसी अपनत्व और नारी सम्मान जीवन-मूल्यों का सहज हिस्सा हुआ करते थे, वहां तीन वर्षों में दुष्कर्म के 1,386 मामले और घरेलू हिंसा की 19,526 शिकायतें सामने आना महज कानून-व्यवस्था का मसला नहीं, बल्कि सामाजिक चेतना और नैतिक मूल्यों के क्षरण का गंभीर संकेत है। ये आंकड़े किसी अनुमान या सर्वेक्षण के नहीं, बल्कि सरकार की ओर से विधानसभा में प्रस्तुत आधिकारिक आंकड़े हैं। इससे भी अधिक चिंताजनक पहलू यह है कि ये केवल वे मामले हैं, जो संबंधित एजेंसियों तक पहुंचे हैं। सामाजिक दबाव, लोकलाज, भय और पारिवारिक प्रतिष्ठा के नाम पर न जाने कितनी महिलाएं आज भी हिंसा और उत्पीड़न सहने के बावजूद शिकायत दर्ज करवाने का साहस नहीं जुटा पाती होंगी। ऐसे में वास्तविक तस्वीर इन आंकड़ों से कहीं अधिक गंभीर होने की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। सवाल है कि जिस समाज की पहचान कभी महिलाओं के सम्मान और सुरक्षित सामाजिक परिवेश से होती थी, वहां ऐसी परिस्थितियां आखिर क्यों पैदा हो रही हैं?

हिमाचल विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान झंडूता से भाजपा विधायक जीतराम कटवाल की ओर से पूछे गए सवाल के लिखित जवाब में महिलाओं के खिलाफ अपराधों की यह तस्वीर सामने आई है। गृह विभाग से संबंधित इस सवाल का जवाब मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की ओर से दिया गया। सरकार द्वारा उपलब्ध करवाए गए आंकड़ों के अनुसार पहली नवंबर, 2026 तक के विगत तीन वर्षों में प्रदेश में महिलाओं के खिलाफ दुष्कर्म, छेड़छाड़ और घरेलू हिंसा के कुल 1,918 मामले दर्ज किए गए। इनमें दुष्कर्म के 1,386, छेड़छाड़ के 499 और घरेलू हिंसा के 33 दर्ज मामले शामिल हैं। इसके अतिरिक्त घरेलू हिंसा से संबंधित 19,526 शिकायतें प्राप्त हुईं।

घरेलू हिंसा की शिकायतों के निस्तारण की स्थिति भी ध्यान देने योग्य है। प्राप्त कुल शिकायतों में से 9,144 का निपटारा किया गया, जबकि 10,382 शिकायतें आगामी कार्रवाई के लिए बाल विकास परियोजना अधिकारियों (सीडीपीओ) को भेजी गईं। यानी शिकायतों का एक बड़ा हिस्सा आगे की कार्रवाई की प्रक्रिया में है।

मंडी में दुष्कर्म और छेड़छाड़ के सर्वाधिक मामले

जिलावार आंकड़ों पर नजर डालें तो मंडी जिला महिलाओं के खिलाफ अपराधों के मामले में सबसे आगे रहा है। यहां तीन वर्षों में दुष्कर्म के सर्वाधिक 205 मामले दर्ज हुए। शिमला में 182 और सिरमौर में 181 मामले सामने आए। कांगड़ा में 140, चंबा में 118 और पुलिस जिला बद्दी में 106 मामले दर्ज किए गए। कुल्लू में दुष्कर्म के 96, सोलन में 93, बिलासपुर में 72, ऊना में 70, हमीरपुर में 38, नूरपुर में 37, किन्नौर में 33 और देहरा में 12 मामले दर्ज हुए। लाहौल-स्पीति में दुष्कर्म के सबसे कम तीन मामले सामने आए।

छेड़छाड़ के मामलों में भी मंडी जिला 92 मामलों के साथ शीर्ष पर रहा। हमीरपुर में 72, कांगड़ा में 69, बिलासपुर में 52, शिमला में 38 और सिरमौर में 34 मामले दर्ज किए गए। सोलन में 25, ऊना में 24, नूरपुर में 23, कुल्लू में 20, किन्नौर में 19, चंबा में 14, देहरा में 12 और बद्दी में पांच मामले सामने आए। लाहौल-स्पीति में छेड़छाड़ का कोई मामला दर्ज नहीं हुआ।

मंडी में घरेलू हिंसा की सर्वाधिक शिकायतें

घरेलू हिंसा से संबंधित शिकायतों में भी मंडी जिला 2,896 शिकायतों के साथ सबसे आगे रहा। शिमला में 2,647, हमीरपुर में 2,054, ऊना में 1,950, सोलन में 1,854 और कांगड़ा में 1,729 शिकायतें प्राप्त हुईं। कुल्लू में 1,350, चंबा में 1,349, सिरमौर में 1,041, बिलासपुर में 1,037, नूरपुर में 543, किन्नौर में 489, बद्दी में 328 और देहरा में 236 शिकायतें दर्ज की गईं। लाहौल-स्पीति में घरेलू हिंसा की 23 शिकायतें सामने आईं।

हालांकि घरेलू हिंसा के दर्ज मामलों की संख्या शिकायतों की तुलना में काफी कम रही। चंबा में सर्वाधिक 24 मामले दर्ज हुए। किन्नौर में तीन, हमीरपुर और नूरपुर में दो-दो तथा मंडी और सोलन में एक-एक मामला दर्ज किया गया। शेष जिलों में घरेलू हिंसा का कोई मामला दर्ज नहीं हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *