मोहिंद्र प्रताप सिंह राणा

संपादक, ग्राम परिवेश साप्ताहिक

राष्ट्रीय भाजपा नेतृत्व ने गत शनिवार को हिमाचल प्रदेश भाजपा की सबसे महत्वपूर्ण रणनीतिक इकाई मानी जाने वाली कोर कमेटी के गठन की घोषणा कर दी। कमेटी का आकार 21 से घटाकर 12 नियमित और दो विशेष आमंत्रित सदस्यों तक सीमित करना महज संख्यात्मक फेरबदल नहीं है। इसके पीछे संगठन के भीतर निर्णय प्रक्रिया को अधिक केंद्रित करने, प्रभावशाली चेहरों के बीच शक्ति-संतुलन साधने और भविष्य की राजनीतिक रणनीति पर केंद्रीय नेतृत्व की पकड़ मजबूत रखने के संकेत भी पढ़े जा रहे हैं। भाजपा की स्थापित संगठनात्मक रणनीति के अनुरूप नई पीढ़ी के पांच चेहरों को इस निर्णायक इकाई में स्थान देकर नेतृत्व ने पीढ़ीगत संक्रमण की अपनी मंशा भी जाहिर की है।

इस गठन के साथ ही प्रदेश की सियासत में विश्लेषणों, व्याख्याओं और राजनीतिक कयासों का दौर शुरू हो गया। राजनीतिक शास्त्रियों, विश्लेषकों और सियासी भविष्यवक्ताओं ने अखबारों से लेकर न्यूज चैनलों तक अपने-अपने निष्कर्ष रखे। विरोधी दल भी इस नए संगठनात्मक समीकरण को समझने और उसके अनुरूप अपनी राजनीतिक रणनीति का आकलन करने में जुट गए हैं।

कोर कमेटी के गठन को लेकर सामने आ रही अधिकांश व्याख्याओं में दो प्रमुख निष्कर्ष उभरकर आए हैं। पहला, प्रदेश भाजपा में लंबे समय से चर्चा का विषय रही गुटीय खींचतान और नेतृत्वगत प्रतिस्पर्धा पर अंकुश लगाने के लिए राष्ट्रीय नेतृत्व ने कमेटी के आकार और संरचना को नए सिरे से गढ़ा है। दूसरा, संगठन की निर्णय प्रक्रिया में नई पीढ़ी की भागीदारी बढ़ाकर भविष्य के नेतृत्व की जमीन तैयार करने की कोशिश की गई है।

लेकिन इन दोनों निष्कर्षों के बीच कुछ और सवाल भी छिपे हैं। क्या कमेटी का छोटा आकार वास्तव में सामूहिक निर्णय प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाएगा? क्या नई पीढ़ी को स्थान देना केवल प्रतिनिधित्व का विस्तार है या उसे वास्तविक रणनीतिक भूमिका सौंपने की शुरुआत? और सबसे महत्वपूर्ण, क्या इस पुनर्गठन से प्रदेश भाजपा के भीतर मौजूद शक्ति-समीकरण बदलेंगे या पुराने राजनीतिक प्रभाव नए संगठनात्मक स्वरूप में भी अपनी जगह बनाए रखेंगे?

अब पहले तर्क को राजनीतिक कसौटी पर कसते हैं। प्रदेश भाजपा की गुटबाजी कोई छिपा हुआ सच नहीं है। वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा जीती हुई बाजी हार गई थी। इसके पीछे दूसरे कारणों के साथ पार्टी की अंदरूनी खींचतान और गुटीय वर्चस्व की लड़ाई भी एक महत्वपूर्ण कारण रही। मूल भाजपा में मोटे तौर पर तीन प्रमुख शक्ति-केंद्र हैं। पहला, जगत प्रकाश नड्डा का खेमा, जिसमें राजीव बिंदल सहित कई नेता शामिल हैं। दूसरा, अनुराग ठाकुर का प्रभाव क्षेत्र, जिसमें रविंद्र रवि और रमेश धवाला जैसे नेता आते हैं। तीसरा, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर का खेमा। इसमें नेताओं का जमावड़ा अपेक्षाकृत कम है, लेकिन मंडी संसदीय क्षेत्र और शिमला के कुछ हिस्सों में उसका जनसमर्थन और राजनीतिक प्रभाव दिखाई देता है।

इन तीनों नेताओं की राजनीतिक ताकत और प्रभाव के अपने-अपने क्षेत्र हैं। नड्डा की ताकत राष्ट्रीय संगठन और केंद्रीय नेतृत्व तक पहुंच में है, अनुराग का राजनीतिक आधार हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में है, जबकि जयराम ठाकुर की ताकत मंडी क्षेत्र के जनसमर्थन और अपने राजनीतिक प्रभाव में निहित है।

वर्ष 2022 के चुनाव में इस तिकड़ी के बीच राजनीतिक वर्चस्व की लड़ाई का सबसे तीखा असर हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में दिखाई दिया। भाजपा के परंपरागत गढ़ हमीरपुर और ऊना जिलों की दस सीटों में पार्टी महज एक सीट जीत पाई। धर्मपुर, देहरा और घुमारवीं जैसे क्षेत्रों में भी उसे शिकस्त झेलनी पड़ी। यानी जिन क्षेत्रों को भाजपा अपनी राजनीतिक ताकत का आधार मानती थी, वहीं आपसी खींचतान ने पार्टी की जमीन कमजोर कर दी।

अब इस पुराने सियासी परिदृश्य में नई कोर कमेटी को रखकर देखें तो सवाल उठता है कि क्या राजनीतिक समीकरण वास्तव में बदले हैं? नड्डा, अनुराग और जयराम तीनों मौजूद हैं। महत्वाकांक्षाएं भी वही हैं, राजनीतिक किरदार भी लगभग वही और प्रभाव के क्षेत्र भी वही। फर्क इतना है कि अब इन पुराने शक्ति-केंद्रों के बीच कांग्रेस से भाजपा में आए नए राजनीतिक दावेदार भी खड़े हैं।

राजेंद्र राणा, आशीष शर्मा, इंद्रदत्त लखनपाल, देवेंद्र भुट्टो, चेतन्य शर्मा और होशियार सिंह जैसे नेताओं के भाजपा में आने से लड़ाई का दायरा और बढ़ गया है। अब यह केवल नेताओं के बीच वर्चस्व की प्रतिस्पर्धा नहीं रही, बल्कि उनके साथ आए समर्थकों और कार्यकर्ताओं तक भी पहुंच गई है। पुराने संगठनात्मक समीकरणों में नए राजनीतिक हित जुड़ने से आपसी वैमनस्य का विस्तार हुआ है। पंचायत चुनाव इसका ठोस प्रमाण हैं।

नड्डा के हाथ में केंद्रीय राजनीतिक कमान और उनके प्रभाव का विस्तार भी अपने साथ नए समीकरण पैदा कर सकता है। ठियोग, किन्नौर और कांगड़ा जैसे क्षेत्रों में भी महत्वाकांक्षाओं की तपिश महसूस हो सकती है। ऐसे में गुटबाजी पर नियंत्रण का दावा करना जितना आसान है, उसे जमीन पर उतारना उतना ही कठिन।

दूसरा तर्क नई पीढ़ी को निर्णय और रणनीति बनाने की प्रक्रिया में शामिल करने का है। इस दृष्टि से भाजपा नेतृत्व की पहल को संगठन के भविष्य की तैयारी के रूप में देखा जा सकता है। किसी भी राजनीतिक दल को समय के साथ नई पीढ़ी को नेतृत्व की जिम्मेदारी सौंपनी होती है। लेकिन इस बदलाव की आड़ में कुछ ऐसे अपेक्षाकृत युवा और राजनीतिक रूप से परिपक्व नेताओं को हाशिए पर धकेल देना समझ से परे है, जिनके पास संगठनात्मक अनुभव और अपनी राजनीतिक पहचान दोनों हैं।

इस पुनर्गठन का तीसरा और खासा महत्वपूर्ण पहलू कांग्रेस से भाजपा में आए नेताओं के बढ़ते प्रभाव और पार्टी के मूल कैडर के बीच बदलते शक्ति-संतुलन से जुड़ा है। नई कोर कमेटी की संरचना से संकेत साफ है—दूसरे दलों से आए नेताओं की राजनीतिक उपयोगिता स्वीकार्य हो सकती है, लेकिन भाजपा की सर्वोच्च रणनीतिक निर्णय प्रक्रिया में निर्णायक हिस्सेदारी का अधिकार मूल संगठनात्मक नेतृत्व अपने हाथों में ही रखना चाहता है।

जमीनी सच्चाई यही है कि नई कोर कमेटी गुटबाजी को नियंत्रित कर पाएगी या नहीं, यह भविष्य के गर्भ में है। केवल कमेटी की घोषणा के बाद सफलता की तूती बजाना राजनीतिक अपरिपक्वता होगी। असली परीक्षा तब होगी, जब नेताओं के हित, टिकट की दावेदारी और संगठनात्मक वर्चस्व फिर आमने-सामने होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *