मोहिंद्र प्रताप सिंह राणा/ ग्राम परिवेश
मशोबरा। स्वयं सहायता समूहों की आर्थिक क्षमता को केवल उत्पादन तक सीमित रखने के बजाय उसे बाजार की मांग, गुणवत्ता और वित्तीय अनुशासन से जोड़ने की दिशा में उद्योग विभाग ने महत्वपूर्ण पहल की है। सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों के लिए संचालित रैंप कार्यक्रम के तहत मशोबरा में स्वयं सहायता समूहों के लिए ‘बाजार में सफलता, स्थिरता और वित्तीय प्रबंधन’ विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला का केंद्रबिंदु यह समझ विकसित करना रहा कि बेहतर उत्पाद तभी टिकाऊ व्यवसाय बन सकता है, जब उसके साथ बाजार की नब्ज, उपभोक्ता की पसंद और वित्तीय प्रबंधन की समझ भी जुड़ी हो। प्रतिभागियों को उत्पादों की गुणवत्ता सुधारने के साथ पैकेजिंग, ब्रांडिंग, मूल्य निर्धारण और बाजार की बदलती आवश्यकताओं के अनुरूप उत्पादों में बदलाव की बारीकियों से अवगत कराया गया। पहल का व्यापक उद्देश्य स्वयं सहायता समूहों को अपनी कमियों की पहचान कर उन्हें प्रतिस्पर्धी, बाजारोन्मुख और दीर्घकालिक रूप से टिकाऊ उद्यमों में बदलने के लिए सक्षम बनाना रहा।
कार्यशाला में 75 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया। उद्योग विभाग, शिमला की विस्तार अधिकारी स्मृति गुलेरिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उद्योग विभाग के अन्य अधिकारी भी इस अवसर पर मौजूद रहे।
कार्यशाला में स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी करते हुए अपने उत्पादों, बाजार में आ रही व्यावहारिक चुनौतियों और सुधार की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की। विशेषज्ञों ने रेखांकित किया कि उत्पाद की गुणवत्ता के साथ उसकी पैकेजिंग, पहचान और सही मूल्य निर्धारण भी बाजार में उसकी स्वीकार्यता तय करते हैं। उपभोक्ता की बदलती पसंद और बाजार की जरूरतों को समझकर उत्पाद में समयानुकूल बदलाव करना समूहों की प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता बढ़ाने में निर्णायक भूमिका निभा सकता है।
कार्यक्रम का मूल संदेश यही रहा कि स्वयं सहायता समूहों की वास्तविक आर्थिक शक्ति केवल उनके श्रम और उत्पादन में नहीं, बल्कि उस उत्पादन को बाजार की मांग से जोड़कर स्थायी आय में बदलने की क्षमता में निहित है। रैंप कार्यक्रम के माध्यम से दी जा रही ऐसी बाजारोन्मुख समझ समूहों को पारंपरिक आजीविका से आगे बढ़ाकर संगठित, प्रतिस्पर्धी और टिकाऊ उद्यमिता की दिशा में नई जमीन तैयार कर सकती है।