संविधान दिवस पर कांग्रेस की सक्रियता : कुर्सी जाने का डर या सत्ता में वापसी के आसार?
मोहिंद्र प्रताप सिंह राणा
संविधान दिवस पर हिमाचल प्रदेश कांग्रेस लगभग एक दशक बाद राजीव गांधी भवन की चारदीवारी से बाहर निकलकर रिज पर किसी दिवस के आयोजन में जिस ऊर्जा और उत्साह के साथ दिखाई दी, वह अपने आप में राजनीतिक चर्चा का विषय है। “सवाल यह है कि रामलीला मैदान की महा रैली के बाद युवा कांग्रेस के कुछ पदाधिकारियों पर हुई कार्रवाई का असर था या फिर चुनाव जीतने के बनते आसार ने कांग्रेस संगठन में अचानक यह ऊर्जा और सार्वजनिक सक्रियता पैदा कर दी?”
कारण जो भी रहा हो, तस्वीर का दूसरा पहलू भी कम दिलचस्प नहीं था। कांग्रेस के नेता, पदाधिकारी, बोर्ड-निगमों के अध्यक्ष-उपाध्यक्ष और सदस्य तथा सत्ता प्रतिष्ठान की कृपा से राजनीतिक हैसियत हासिल करने वाले तमाम चेहरे एक जगह अवश्य जुटे। लेकिन इतने बड़े राजनीतिक कुनबे की मौजूदगी के बावजूद आयोजन को प्रभावशाली जनसमूह में तब्दील करने के लिए अपने-अपने साथ 50-100 लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने वाले चेहरे कितने थे?
यहां एक बुनियादी सवाल खड़ा होता है : क्या संगठन में पद और सत्ता प्रतिष्ठान में हिस्सेदारी ही जनाधार का प्रमाणपत्र बन गई है? जिनके पास पद हैं, प्रतिष्ठा है, सरकारी दायित्व हैं और राजनीतिक पहचान है, क्या उनके पास अपने आसपास के 50-100 लोगों को किसी सार्वजनिक आयोजन में साथ लाने की भी क्षमता नहीं है?
राजनीति में कुर्सियों की कतार और जनता की कतार में फर्क होता है। पहली कतार सत्ता और संगठन के समीकरणों से सज सकती है, दूसरी के लिए जनता के बीच निरंतर मौजूदगी, संवाद और भरोसा अर्जित करना पड़ता है।
संविधान दिवस का आयोजन निश्चित रूप से संवैधानिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता प्रदर्शित करने का अवसर था, लेकिन इसने कांग्रेस के संगठनात्मक ढांचे के सामने एक असहज सवाल भी रख दिया है—पार्टी के पास पदाधिकारियों की फेहरिस्त लंबी है या जनता के बीच सक्रिय कार्यकर्ताओं की कतार भी उतनी ही मजबूत है?
क्योंकि चुनाव केवल मंच साझा करने, तस्वीरें खिंचवाने और पदों की नुमाइश से नहीं जीते जाते। उसके लिए जनता के बीच अपनी राजनीतिक उपस्थिति और विश्वसनीयता साबित करनी पड़ती है। रिज पर जुटे चेहरों की संख्या से अधिक महत्वपूर्ण यह है कि वे अपने साथ जनता का कितना विश्वास लेकर आए थे!