मोहिंद्र प्रताप सिंह राणा
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने जापान के आइची-नागोया में आयोजित 20वें एशियाई खेलों में हिमाचल प्रदेश का गौरव बढ़ाने वाले पदक विजेता खिलाड़ियों के लिए 5.33 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि देने की घोषणा की है। सरकार ने पदक की चमक को सम्मान की ठोस कीमत से जोड़ते हुए खिलाड़ियों के उत्साहवर्धन के लिए पुरस्कार राशि में उल्लेखनीय वृद्धि का दावा किया है।
मुख्यमंत्री ने कबड्डी में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारतीय महिला टीम की हिमाचली खिलाड़ियों पुष्पा राणा, रितु नेगी, ज्योति ठाकुर और भावना ठाकुर को 33-33 लाख रुपये देने की घोषणा की। चारों खिलाड़ियों को कुल 1.33 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि मिलेगी।
इसी तरह पुरुषों की मैराथन में रजत पदक जीतने वाले सावन बरवाल को 2.50 करोड़ रुपये, जबकि महिलाओं की 10 हजार मीटर दौड़ में कांस्य पदक हासिल करने वाली सीमा कुमारी को 1.50 करोड़ रुपये प्रदान किए जाएंगे। इस तरह प्रदेश के इन पदक विजेताओं को कुल 5.33 करोड़ रुपये की सम्मान राशि दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए पुरस्कार राशि में ऐतिहासिक वृद्धि की है। सरकार की मौजूदा व्यवस्था के तहत ओलंपिक, शीतकालीन ओलंपिक और पैरालंपिक में स्वर्ण पदक के लिए 5 करोड़, रजत के लिए 3 करोड़ और कांस्य के लिए 2 करोड़ रुपये दिए जा रहे हैं।
इसी तरह एशियाई एवं पैरा एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक के लिए 4 करोड़, रजत के लिए 2.50 करोड़ और कांस्य के लिए 1.50 करोड़ रुपये की पुरस्कार राशि का प्रावधान है। राष्ट्रमंडल एवं पैरा राष्ट्रमंडल खेलों में स्वर्ण पदक पर 3 करोड़, रजत पर 2 करोड़ और कांस्य पदक पर 1 करोड़ रुपये दिए जा रहे हैं।
सरकार ने प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए प्रदेश से बाहर जाने वाले खिलाड़ियों की यात्रा सुविधाओं में भी बढ़ोतरी की है। 200 किलोमीटर तक की यात्रा पर एसी थ्री-टियर ट्रेन का किराया, जबकि इससे अधिक दूरी के लिए इकोनॉमी क्लास हवाई टिकट की सुविधा प्रदान की जा रही है।