
मोहिंद्र प्रताप सिंह राणा/ ग्राम परिवेश
एसजेवीएन की देश की सबसे बड़ी भूमिगत जलविद्युत परियोजना नाथपा-झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन (एनजेएचपीएस) ने परिचालन दक्षता और तकनीकी उत्कृष्टता का एक और अध्याय जोड़ते हुए ऊर्जा उत्पादन के क्षेत्र में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। परियोजना ने 4 जुलाई, 2026 को एक ही दिन में 39.571 मिलियन यूनिट (एमयू) विद्युत उत्पादन कर अपने इतिहास का दूसरा सर्वाधिक एकल-दिवसीय उत्पादन दर्ज किया।
इस उपलब्धि के साथ एनजेएचपीएस ने 18 जुलाई, 2023 को स्थापित 39.570 एमयू के अपने पूर्व रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। परियोजना का सर्वाधिक एकल-दिवसीय उत्पादन 13 अगस्त, 2024 को 39.572 एमयू रहा था, जो अब भी शीर्ष स्थान पर कायम है। यह नया प्रदर्शन उस सर्वोच्च रिकॉर्ड से महज 0.001 एमयू कम है, जो परियोजना की सतत परिचालन क्षमता और तकनीकी परिपक्वता का परिचायक है।
इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए एसजेवीएन के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक भूपेंद्र गुप्ता ने कहा कि यह सफलता संगठन की परिचालन उत्कृष्टता, सामूहिक कार्यसंस्कृति और श्रेष्ठ प्रदर्शन के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने विश्वास जताया कि एसजेवीएन भविष्य में भी इसी समर्पण और दक्षता के साथ ऊर्जा उत्पादन के नए प्रतिमान स्थापित करता रहेगा।

निदेशक (कार्मिक) अजय कुमार शर्मा ने इसे कर्मचारियों की प्रतिबद्धता, सुदृढ़ कार्यसंस्कृति और विभिन्न विभागों के प्रभावी समन्वय का परिणाम बताया। वहीं निदेशक (वित्त) पार्थजीत डे ने कहा कि उत्कृष्ट परिचालन प्रदर्शन ही संगठन की वित्तीय मजबूती और दीर्घकालिक स्थिरता की आधारशिला होता है।
निदेशक (परियोजनाएं) राजेश कुमार चंदेल ने इस उपलब्धि का श्रेय परियोजना की उच्च तकनीकी विश्वसनीयता, कुशल संचालन एवं अनुरक्षण प्रणाली तथा तकनीकी टीमों के उत्कृष्ट समन्वय को दिया।

परियोजना प्रमुख राजीव कपूर ने इस उपलब्धि के लिए एसजेवीएन प्रबंधन के मार्गदर्शन एवं सहयोग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह कीर्तिमान ऑपरेशन एंड मेंटेनेंस, पावर हाउस तथा नाथपा टीम की तकनीकी दक्षता, अनुशासित कार्यशैली और अथक परिश्रम का प्रतिफल है। उन्होंने इस उपलब्धि में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से योगदान देने वाले सभी अधिकारियों, कर्मचारियों तथा हितधारकों का भी आभार व्यक्त किया।
यह उपलब्धि केवल एक नया रिकॉर्ड नहीं, बल्कि हिमालयी जलशक्ति को ऊर्जा सामर्थ्य में रूपांतरित करने की एसजेवीएन की तकनीकी क्षमता, विश्वसनीय संचालन और उत्कृष्ट प्रबंधन का सशक्त प्रमाण भी है।