
मोहिंद्र प्रताप सिंह राणा
उदयपुर (लाहुल-स्पीति)।
मानसून के बीच हिमाचल की दुर्गम पर्वतीय सड़कों पर प्रकृति का रौद्र रूप एक बार फिर जानलेवा साबित हुआ। लाहुल-स्पीति जिले के उदयपुर उपमंडल में कुड़ू नाले के समीप रविवार को एक भीषण हादसे में पांगी घाटी के 13 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। कुल्लू से पांगी जा रही यात्रियों से भरी टाटा सुमो पर अचानक पहाड़ से विशाल चट्टानें आ गिरीं, जिससे वाहन पूरी तरह चकनाचूर हो गया। यह हादसा इतना भयावह था कि अधिकांश यात्रियों को संभलने तक का अवसर नहीं मिला।
पुलिस के अनुसार टाटा सुमो (एचपी-01-2210), जिसे चालक बीर सिंह चला रहा था, में कुल 15 यात्री सवार थे। जैसे ही वाहन कुड़ू नाले के समीप पहुंचा, सड़क के ऊपर स्थित पहाड़ी से भारी-भरकम चट्टानें टूटकर सीधे वाहन पर आ गिरीं। दुर्घटना में 13 यात्रियों की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल यात्रियों को स्थानीय लोगों और राहत दल की सहायता से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक लाहुल-स्पीति शिवानी मेहला, चिकित्सकों की टीम, पुलिस बल तथा प्रशासनिक अधिकारी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। राहत एवं बचाव अभियान चलाकर मृतकों के शव निकाले गए और उनकी पहचान की प्रक्रिया शुरू की गई। एसपी शिवानी मेहला ने बताया कि चिकित्सकीय टीम के साथ घटनास्थल पर सभी आवश्यक कार्रवाई की जा रही है तथा मृतकों की शिनाख्त कर परिजनों को सूचना दी जा रही है।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय विधायक अनुराधा राणा सहित प्रशासन का पूरा अमला भी मौके पर पहुंच गया। समाचार लिखे जाने तक मृतकों की पहचान, पंचनामा और अन्य कानूनी औपचारिकताएं जारी थीं।
यात्रियों और पर्यटकों के लिए महत्वपूर्ण अपील
मानसून के दौरान हिमाचल प्रदेश की पर्वतीय सड़कों पर यात्रा अत्यधिक जोखिमपूर्ण हो सकती है। लगातार वर्षा के कारण सड़क किनारे की पहाड़ियां दरकने, भूस्खलन होने तथा अचानक चट्टानें गिरने की आशंका बनी रहती है। ऐसे मौसम में अनावश्यक यात्रा से बचें और केवल अत्यंत आवश्यक होने पर ही सफर करें। यदि किसी स्थान पर सड़क पर पहले से छोटे-बड़े पत्थर गिरे दिखाई दें, तो इसे संभावित भूस्खलन का संकेत मानें। ऐसे स्थानों से वाहन निकालने से पहले पहाड़ी की स्थिति का सावधानीपूर्वक निरीक्षण करें और पूरी तरह सुरक्षित होने का विश्वास होने पर ही आगे बढ़ें। थोड़ी-सी सतर्कता अनेक अनमोल जिंदगियों को बचा सकती है।