स्वर्ण जयंती ऊर्जा नीति में संशोधन को मंजूरी; 50 वर्ष पूरे होने पर देनदारियों से मुक्त परियोजनाएं राज्य को हस्तांतरित करने का प्रावधान
ग्राम परिवेश
शिमला, 25 नवंबर। हिमाचल प्रदेश के जल संसाधनों से होने वाली आर्थिक आय में राज्य की हिस्सेदारी बढ़ाने की दिशा में प्रदेश सरकार ने स्वर्ण जयंती ऊर्जा नीति-2021 में महत्वपूर्ण संशोधन को मंजूरी दी है। इसके तहत एनएचपीसी, एसजेवीएन और एनटीपीसी जैसे केंद्रीय सार्वजनिक उपक्रमों द्वारा संचालित जलविद्युत परियोजनाओं के संचालन के 40 वर्ष पूरे होने के बाद अगले 10 वर्षों तक राज्य को 50 प्रतिशत मुफ्त बिजली रॉयल्टी मिलेगी। वहीं, संचालन के 50 वर्ष पूरे होने पर संबंधित परियोजनाएं सभी प्रकार की देनदारियों से मुक्त होने के बाद बिना किसी लागत के हिमाचल सरकार को हस्तांतरित कर दी जाएंगी। इस व्यवस्था को लागू करने के लिए संबंधित केंद्रीय सार्वजनिक उपक्रमों के साथ अलग-अलग समझौते किए जाएंगे।
मौजूदा नीति के तहत जलविद्युत परियोजनाओं से राज्य को पहले 12 वर्षों तक 12 प्रतिशत, अगले 18 वर्षों तक 18 प्रतिशत और शेष 10 वर्षों तक 30 प्रतिशत मुफ्त बिजली रॉयल्टी मिलती है। इससे पहले 30 सितंबर, 2024 को अधिसूचित संशोधित प्रावधान मुख्य रूप से केंद्रीय एवं राज्य सार्वजनिक उपक्रमों तथा संयुक्त क्षेत्र की संस्थाओं को आवंटित या आवंटित की जाने वाली परियोजनाओं पर लागू थे। परिणामस्वरूप एनएचपीसी, एसजेवीएन और एनटीपीसी की पहले से संचालित परियोजनाओं से मिलने वाली रॉयल्टी में वृद्धि का विषय इस व्यवस्था के दायरे में शामिल नहीं हो पाया था। अब नए संशोधन के माध्यम से इन परियोजनाओं को भी बढ़ी हुई रॉयल्टी के दायरे में लाने का रास्ता साफ हुआ है।
इस निर्णय के दायरे में प्रदेश की कई प्रमुख जलविद्युत परियोजनाएं आएंगी। इनमें एनएचपीसी की बैरा स्यूल, चमेरा-1, चमेरा-2, चमेरा-3, पार्वती चरण-2 और पार्वती चरण-3 परियोजनाएं शामिल हैं। एसजेवीएन की नाथपा झाकड़ी और रामपुर परियोजनाओं तथा एनटीपीसी की कोल बांध परियोजना को भी इसका लाभ मिलेगा। बैरा स्यूल जलविद्युत परियोजना वर्ष 1982 में शुरू हुई थी और इसके व्यावसायिक संचालन को 40 वर्ष से अधिक हो चुके हैं। ऐसे में यह संशोधन प्रदेश की पुरानी जलविद्युत परियोजनाओं से मिलने वाले आर्थिक प्रतिफल को बढ़ाने के लिहाज से विशेष महत्व रखता है।
दरअसल, हिमाचल प्रदेश की जलधाराएं केवल बिजली उत्पादन का माध्यम नहीं, बल्कि राज्य की दीर्घकालिक आर्थिक क्षमता और प्राकृतिक संपदा का आधार हैं। पहाड़ी राज्य होने के नाते हिमाचल अपने जल संसाधनों के उपयोग से होने वाले आर्थिक लाभों में अधिक न्यायसंगत हिस्सेदारी की मांग करता रहा है। सरकार का मानना है कि जिन परियोजनाओं ने दशकों तक राज्य के जल संसाधनों का उपयोग कर बिजली उत्पादन किया है, उनके संचालन की अवधि बढ़ने के साथ राज्य को मिलने वाला प्रतिफल भी उसी अनुपात में बढ़ना चाहिए। संशोधन का मूल उद्देश्य इसी आर्थिक हिस्सेदारी को मजबूत करना है।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार हिमाचल प्रदेश के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है और प्रदेशवासियों को अधिकतम लाभ पहुंचाने के लिए प्राकृतिक संसाधनों का सर्वोत्तम उपयोग सुनिश्चित कर रही है। उन्होंने कहा कि जलविद्युत राज्य की आय के प्रमुख स्रोतों में से एक है। इसलिए प्रदेश के जल संसाधनों का उपयोग करने वाली परियोजनाओं में हिमाचल को उसका उचित हिस्सा मिलना आवश्यक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मुफ्त बिजली रॉयल्टी में इस वृद्धि से प्रदेश की वित्तीय स्थिति को मजबूती मिलेगी और विकासात्मक तथा जनकल्याणकारी गतिविधियों के लिए अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध होंगे। राज्य सरकार प्राकृतिक संसाधनों से होने वाले लाभों में प्रदेश की जनता की उचित हिस्सेदारी सुनिश्चित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है।