ग्राम परिवेश
झाकड़ी, 11 नवंबर। हिमाचल प्रदेश की समृद्ध व्यापारिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत के प्रतीक अंतर्राष्ट्रीय लवी मेले में इस वर्ष भी प्रदेश की विकास यात्रा और आधुनिक ऊर्जा क्षेत्र की उपलब्धियां आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। इसी कड़ी में राज्यपाल हिमाचल प्रदेश कविंदर गुप्ता ने बुधवार को अपनी धर्मपत्नी बिंदु गुप्ता के साथ लवी मेला प्रदर्शनी में एसजेवीएन के मंडप का उद्घाटन किया। इस अवसर पर नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन के परियोजना प्रमुख राजीव कपूर ने राज्यपाल का स्वागत किया तथा उन्हें विद्युत उत्पादन केंद्र की कार्यप्रणाली, उत्पादन क्षमता और बिजली उत्पादन से जुड़े तकनीकी एवं परिचालन संबंधी महत्वपूर्ण पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी। एसजेवीएन के मंडप में विद्युत उत्पादन की प्रक्रिया, जलविद्युत परियोजनाओं की तकनीकी विशेषताओं और प्रदेश की ऊर्जा क्षमता को प्रदर्शित किया गया है। प्रदर्शनी के माध्यम से आगंतुकों को जलविद्युत क्षेत्र में एसजेवीएन के योगदान तथा हिमाचल प्रदेश की ऊर्जा अर्थव्यवस्था में उसकी भूमिका से अवगत करवाने का प्रयास किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि रामपुर में सतलुज नदी के किनारे आयोजित होने वाला अंतर्राष्ट्रीय लवी मेला लगभग चार शताब्दियों पुरानी भारत-तिब्बत व्यापारिक परंपरा से जुड़ा है। वर्ष 1681 में बुशहर रियासत और तिब्बत के बीच हुए व्यापारिक समझौते को इस मेले की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि माना जाता है। कभी ऊन, पश्मीना, सूखे मेवे, जड़ी-बूटियों और पारंपरिक उत्पादों के व्यापार का प्रमुख केंद्र रहा यह मेला आज हिमाचल की सांस्कृतिक विरासत, स्थानीय उद्यमिता और आर्थिक गतिविधियों का महत्वपूर्ण मंच बन चुका है। इस अवसर पर शिमला जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों सहित एसजेवीएन के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।