ग्राम परिवेश
नाथपा झाकड़ी परियोजना में विद्यार्थियों, कर्मचारियों और महिलाओं ने प्रतियोगिताओं के माध्यम से ईमानदारी, पारदर्शिता और नैतिक मूल्यों का दिया संदेश
झाकड़ी, 1 नवंबर 2026। एसजेवीएन के 1500 मेगावाट नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन में केंद्रीय सतर्कता आयोग एवं निगम सतर्कता विभाग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप 26 अक्टूबर से 1 नवंबर तक आयोजित सतर्कता जागरूकता सप्ताह का रविवार को समापन हुआ। परियोजना प्रमुख राजीव कपूर की उपस्थिति में आयोजित समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कार एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विभागाध्यक्ष भी उपस्थित रहे।
इस वर्ष सप्ताह का केंद्रीय विषय ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ रहा। इसके तहत प्रश्नोत्तरी, नारा लेखन, भाषण, पेंटिंग, पोस्टर निर्माण और रंगोली सहित विभिन्न रचनात्मक एवं ज्ञानवर्धक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इनमें विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों के विद्यार्थियों, कर्मचारियों और महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से ईमानदारी, पारदर्शिता, नैतिकता और सामाजिक उत्तरदायित्व जैसे मूल्यों की महत्ता को रेखांकित किया।
समापन समारोह में परियोजना प्रमुख राजीव कपूर ने विद्यार्थियों की पेंटिंग, पोस्टर और भाषण प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि प्रतिभागियों ने अपनी कल्पनाशीलता और विचारों के माध्यम से ‘सत्यनिष्ठा से समृद्धि’ की अवधारणा को प्रभावशाली ढंग से अभिव्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि सत्यनिष्ठा केवल किसी अभियान की थीम अथवा औपचारिक आदर्श तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे व्यक्तिगत आचरण और संस्थागत कार्यसंस्कृति का अभिन्न हिस्सा बनाना आवश्यक है। ईमानदारी, पारदर्शिता, जवाबदेही और कर्तव्यनिष्ठा जैसे मूल्य ही सशक्त संस्थानों और समृद्ध समाज की वास्तविक आधारशिला हैं।
उन्होंने युवा पीढ़ी में नैतिक मूल्यों और ईमानदारी के संस्कार विकसित करने पर बल देते हुए कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल के जिम्मेदार नागरिक और राष्ट्र निर्माण के सहभागी बनेंगे। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को उनकी सक्रिय भागीदारी और रचनात्मक योगदान के लिए बधाई दी। साथ ही, महिलाओं द्वारा प्रस्तुत आकर्षक रंगोलियों की भी सराहना की।
समारोह के समापन पर विभिन्न विद्यालयों के विजेता प्रतिभागियों को परियोजना प्रमुख राजीव कपूर ने पुरस्कार एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया।