ग्राम परिवेश

झाकड़ी, 21 अक्तूबर।

एसजेवीएन के 1500 मेगावाट नाथपा झाकड़ी जलविद्युत स्टेशन में विजयदशमी के पावन अवसर पर सिंदूर उत्सव श्रद्धा, आस्था और उल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान महिलाओं ने माँ दुर्गा को सिंदूर अर्पित कर एक-दूसरे के माथे पर सिंदूर लगाया तथा सुख-समृद्धि, अखंड सौभाग्य और परिवारों के कल्याण की कामना की।

सिंदूर उत्सव के उपरांत ढोल-नगाड़ों की गूंज और माँ दुर्गा के जयकारों के बीच उनकी प्रतिमा का विधिवत विसर्जन किया गया। परियोजना प्रमुख राजीव कपूर एवं उनकी धर्मपत्नी सहित स्टेशन के अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिजनों ने विसर्जन कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर सभी ने माँ दुर्गा से परियोजना की निरंतर प्रगति एवं समृद्धि तथा सभी के सुख-कल्याण की कामना की।

सायंकाल आयोजित रावण दहन कार्यक्रम में भी परियोजना प्रमुख राजीव कपूर ने भाग लिया। इस अवसर पर उन्होंने भगवान श्रीराम के जीवन और आदर्शों से प्रेरणा लेने का आह्वान करते हुए मर्यादा, सत्य और सदाचार के मार्ग पर चलने का संदेश दिया। रावण दहन के माध्यम से बुराई पर अच्छाई की विजय तथा अधर्म पर धर्म की जीत का प्रतीकात्मक संदेश दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *