मोहिंद्र प्रताप सिंह राणा/ग्राम परिवेश
झाकड़ी। स्वच्छता केवल परिसर को साफ रखने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि स्वस्थ समाज और जिम्मेदार नागरिकता की बुनियाद है। इसी सोच को व्यवहार और सामुदायिक सहभागिता से जोड़ते हुए SJVN के नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन में 17 सितंबर से 2 अक्तूबर 2026 तक ‘स्वच्छता पखवाड़ा-2026’ का आयोजन शुरू किया गया है। विद्युत मंत्रालय, भारत सरकार तथा एसजेवीएन निगम मुख्यालय, शिमला के दिशा-निर्देशों के अनुरूप आयोजित इस पखवाड़े का उद्देश्य स्वच्छता को महज अभियान तक सीमित न रखकर उसे जीवनशैली, सामाजिक जिम्मेदारी और जनभागीदारी से जोड़ना है।
पखवाड़े का शुभारंभ 17 सितंबर को परियोजना परिसर, झाकड़ी में आयोजित स्वच्छता शपथ समारोह से हुआ। परियोजना प्रमुख, एनजेएचपीएस ई. राजीव कपूर ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। इस दौरान सभी ने स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
स्वच्छता का यह संकल्प परियोजना परिसर की सीमाओं तक सीमित न रहे, इसी उद्देश्य से इसे स्थानीय समुदाय तक भी पहुंचाया गया। हेल्पएज इंडिया की ओर से संचालित मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से गांव बसरा के लोगों को भी स्वच्छता की शपथ दिलाई गई।
17 सितंबर से 2 अक्तूबर तक चलने वाले पखवाड़े के दौरान नाथपा झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन की ओर से विभिन्न रचनात्मक, जागरूकता एवं जनभागीदारी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें स्वच्छता अभियान के साथ सरकारी विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए स्वच्छता, स्वच्छ जल संचय, वर्षा जल संचयन और जल संरक्षण जैसे विषयों पर क्विज, पेंटिंग तथा निबंध लेखन प्रतियोगिताएं करवाई जाएंगी।
इसके अतिरिक्त स्वच्छता रैली और अन्य जन-जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से स्वच्छता के संदेश को व्यापक स्तर तक पहुंचाया जाएगा। इन गतिविधियों का उद्देश्य परियोजना के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ-साथ स्थानीय समुदाय और विद्यार्थियों में स्वच्छता, जल संरक्षण तथा पर्यावरणीय जिम्मेदारी के प्रति जागरूकता को व्यवहार में उतारना है।