शुरू 1000 खिलाड़ी, 32 खेल और 124इवेंट्स

मोहिंद्र प्रताप सिंह राणा/ ग्राम परिवेश

रामपुर, 10 सितंबर। 23 साल बाद रामपुर वन वृत्त को मिली राज्य स्तरीय मेजबानी में वन विभाग के करीब एक हजार अधिकारी-कर्मचारी तीन दिन तक मैदान में खेल प्रतिभा और अनुशासन का परिचय देंगे। 11 से 13 सितंबर तक होने वाली 27वीं वार्षिक खेलकूद एवं कर्तव्य प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू शिमला से ऑनलाइन करेंगे। वनों की रक्षा और विभागीय दायित्वों में जुटे कर्मियों के लिए यह आयोजन न केवल प्रतिस्पर्धा का मंच बनेगा, बल्कि दायित्व की कठोर दिनचर्या के बीच ऊर्जा, सामूहिकता और खेल भावना का उत्सव भी होगा।

रामपुर में वीरवार को आयोजित प्रेस वार्ता में अरण्यपाल, रामपुर वन वृत्त सीबी ताशीलदार ने बताया कि प्रतियोगिता की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी सामान्यतः वनों की सुरक्षा तथा विभागीय कार्यों में व्यस्त रहते हैं, ऐसे में खेलकूद उन्हें अपनी खेल प्रतिभा को मंच देने का अवसर प्रदान करता है।

उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में करीब 1000 खिलाड़ी 124 इवेंट्स के तहत 32 खेलों में हिस्सा लेंगे। प्रतियोगिताएं कालेज ग्राउंड पाटबंगला, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला रामपुर के खेल मैदान तथा दत्तनगर खेल मैदान में आयोजित की जाएंगी। आयोजन की थीम ‘स्विफ्ट इन स्पोर्ट्स, डिवोटेड इन ड्यूटी’ रखी गई है। ताशीलदार ने प्रतिभागियों से खेल को पूरी खेल भावना के साथ खेलने और इस भावना को आयोजन की मूल प्रेरणा बनाए रखने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि आयोजन की तैयारियों में वन वृत्त के कर्मचारियों ने एक माह तक लगातार मेहनत की। मैदानों के रखरखाव, सफाई और अन्य व्यवस्थाओं के लिए कर्मचारियों ने दिन-रात श्रम किया। मैदानों की व्यवस्था को अंतिम रूप देने के लिए श्रमदान में भी एक सप्ताह का समय लगा।

प्रेस वार्ता में डीएफओ रामपुर गुरहर्ष सिंह, डीएफओ किन्नौर अरविंद कुमार, डीएफओ आनी हरदेव नेगी और एसीएफ पब्लिसिटी देवेंद्र चौहान भी उपस्थित रहे।


एक माह से तैयारियों में जुटा था वन अमला

सीबी ताशीलदार ने कहा कि राज्य स्तरीय प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए रामपुर वन वृत्त के वन कर्मी और अन्य स्टाफ पिछले एक माह से तैयारियों में जुटे थे। मैदानों के रखरखाव से लेकर सफाई और आयोजन संबंधी व्यवस्थाओं तक कर्मचारियों ने निरंतर मेहनत की। उन्होंने आयोजन की तैयारियों में योगदान देने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सामूहिक मेहनत ने रामपुर को इस बड़े खेल आयोजन के लिए तैयार किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *