
मोहिंद्र प्रताप सिंह राणा/ ग्राम परिवेश
हिमाचल प्रदेश—जिसकी पहचान दशकों तक शालीनता, संतुलन और संस्कारित सामाजिक मर्यादाओं की अडिग नींव पर टिकी रही—आज उन्हीं मूल्यों के क्षरण की कचोटती हुई आहट सुनने को विवश है। हाल के समय में कांगड़ा के पालमपुर, बिलासपुर के घुमारवीं, मंडी के सरकाघाट और चंबा के सलूनी में महिलाओं पर हुए जानलेवा हमले और हत्याएं महज़ आपराधिक घटनाएं नहीं हैं; ये उस गहरे सामाजिक विचलन के संकेत हैं, जिसकी दरारें अब सतह पर स्पष्ट दिखने लगी हैं। यह कोई आकस्मिक उथल-पुथल नहीं, बल्कि भीतर ही भीतर पनपते उस असंतुलन का उग्र प्रस्फुटन है, जो अब भयावह स्वरूप ग्रहण कर रहा है।
प्रश्न यह है कि इन दरारों की जड़ें आखिर कहां हैं? क्या ये पैतृक संपत्ति की लालसा में रिश्तों की नींव पर चलाए जा रहे कुदाल के प्रहार हैं? क्या यह असंतुलन नशे की सुइयों के माध्यम से रक्त-शिराओं में उतरकर मन और मस्तिष्क को कुंद कर रहा है? या फिर शिक्षित युवाओं के सामने खड़ी होती बेरोजगारी की लंबी कतारें, उनके भीतर हताशा, कुंठा और आक्रोश का बारूद भर रही हैं? और क्या डिजिटल दुनिया में परोसी जा रही भौंडेपन और अश्लीलता को ‘खुलेपन’ का नाम देकर हम अनजाने में संवेदनशीलता और संयम की अंतिम परतें भी क्षीण कर रहे हैं?
ये प्रश्न मात्र जिज्ञासा नहीं, बल्कि उस सच्चाई की तलाश हैं, जो हिमाचल के बदलते सामाजिक चरित्र के भीतर कहीं गहरे छिपी हुई है—और जिसे अनदेखा करना अब संभव नहीं रहा।
शिमला के बहुचर्चित गुड़िया कांड व चंबा के सलूनी में हुई निर्मम हत्या ने जिस हिंसक प्रवृत्ति की शुरुआत का संकेत दिया, वह आगे चलकर पालमपुर, घुमारवीं और मंडी में महिलाओं पर दराट से हमलों के रूप में सामने आई। इन घटनाओं के कारण भले अलग-अलग रहे हों, लेकिन उनकी प्रकृति में एक समानता स्पष्ट दिखती है—आक्रोश, असंयम और हिंसा की ओर तेजी से झुकती मानसिकता। इन सबके बीच मंडी के सरकाघाट में दिनदहाड़े एक युवती की हत्या ने तो मानो इस पूरी श्रृंखला को एक चरम बिंदु की ओर ठेला दिया है। यह घटना केवल एक हत्या नहीं थी, बल्कि समाज के भीतर पनप रही विकृत मानसिकता का खुला विस्फोट थी, जिसमें नशे की भूमिका भी सामने आ रही है।
इन भयावह घटनाओं के बीच एक उजला पक्ष भी उभरता है, जो पहाड़ी समाज की मूल आत्मा और उसके जीवंत संस्कारों की गवाही देता है। हिमाचल का समाज सदैव उस अद्भुत सामूहिक चेतना के लिए जाना गया है, जहां गलत को गलत कहने में देर नहीं लगती और अन्याय के विरुद्ध स्वर स्वतः एकजुट हो उठता है। कई स्थानों पर, इन जघन्य अपराधिक घटनाओं के बीच स्थानीय लोगों ने साहस और सजगता का परिचय देते हुए न केवल आरोपियों को काबू किया, बल्कि तत्परता से पुलिस को सूचना देकर यह भी सिद्ध किया कि यहां की सामाजिक चेतना अभी सुप्त अवश्य है, मृत नहीं।
यही वह अंतर्निहित शक्ति है, जो इस पहाड़ी समाज को केवल दर्शक नहीं, बल्कि सजग प्रहरी बनाती है—एक ऐसा प्रहरी, जो यदि जागृत रहे तो अपराध को जड़ पकड़ने से पहले ही निष्फल कर सकता है। आवश्यकता केवल इस सामूहिक नैतिकता को पुनः जाग्रत करने की है, ताकि समाज फिर से अपने उसी स्वर में लौट सके, जहां अन्याय के विरुद्ध प्रतिरोध स्वभाव था, विकल्प नहीं।
पुलिस की भूमिका पर संतुलित और निष्पक्ष दृष्टि डालना इस पूरे परिप्रेक्ष्य में अनिवार्य है। एक ओर त्वरित प्रतिक्रिया, आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और हालात को नियंत्रण में लेने की तत्परता ऐसे पक्ष हैं, जो पुलिस की सक्रियता, जवाबदेही और दायित्व-बोध को रेखांकित करते हैं। संकट की घड़ी में तत्काल हस्तक्षेप कर स्थिति को और अधिक बिगड़ने से रोकना निस्संदेह सराहनीय है।
परंतु दूसरी ओर, जब बात अपराध की गहराई तक जाकर साक्ष्यों के वैज्ञानिक संकलन, मजबूत और निष्पक्ष विवेचना, तथा अदालत में ठोस और निर्विवाद चार्जशीट प्रस्तुत करने की आती है, तो यही तंत्र अक्सर अपने व्यावसायिक कौशल और संस्थागत निपुणता की कसौटी पर कमजोर पड़ता दिखाई देता है। जांच की बारीकियों में ढिलाई, साक्ष्य संकलन में त्रुटियां और अभियोजन की कमज़ोर पकड़ कई बार न्याय की प्रक्रिया को ही संदिग्ध बना देती है—और यही वह बिंदु है, जहां अपराधी के मन में कानून के प्रति भय कमज़ोर पड़ने लगता है।
यह यथार्थ है कि हर व्यक्ति को व्यक्तिगत पुलिस संरक्षण उपलब्ध कराना संभव नहीं, परंतु यह पूरी तरह संभव है कि हर अपराधी के मन में कानून का अटूट भय स्थापित किया जाए—ऐसा भय, जो यह विश्वास जगाए कि अपराध का परिणाम अवश्यंभावी रूप से गिरफ्तारी और दंड ही होगा। यही भय अपराध की प्रवृत्ति पर सबसे प्रभावी अंकुश बन सकता है।
इसके साथ ही यह प्रश्न भी उतना ही प्रासंगिक है कि क्या अपराध से पूर्व के संकेतों को गंभीरता से लिया गया? क्या स्थानीय स्तर पर निगरानी और खुफिया तंत्र अपनी भूमिका निभाने में शिथिल पड़ गया? क्योंकि कठोर सच्चाई यही है कि अपराध के बाद की तेज़ से तेज़ कार्रवाई भी उस एक निर्णायक क्षण को वापस नहीं ला सकती, जब अपराध को रोका जा सकता था। अतः किसी भी व्यवस्था की वास्तविक दक्षता उसकी प्रतिक्रिया में नहीं, बल्कि उसकी पूर्व-सक्रियता और रोकथाम की क्षमता में निहित होती है।
इन घटनाओं के पीछे झांकें तो कुछ गहरे कारण स्पष्ट दिखाई देते हैं। युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति, जो विवेक को कुंद कर देती है और आक्रामकता को बढ़ाती है, एक बड़ा कारण बनकर उभर रही है। इसके साथ ही “ना” को स्वीकार न कर पाने की मानसिकता—जहां अस्वीकृति को अपमान समझ लिया जाता है—हिंसा का रूप ले रही है। डिजिटल दुनिया में पनपता जुनून, सामाजिक दूरी और मानसिक असंतुलन मिलकर एक ऐसा विस्फोटक मिश्रण तैयार कर रहे हैं, जो छोटी-सी चिंगारी पर भी भड़क उठता है।
इससे भी अधिक चिंताजनक है सामाजिक नियंत्रण का क्षरण। कभी गांव सामूहिक जिम्मेदारी का प्रतीक हुआ करते थे, जहां गलत व्यवहार को तुरंत रोका जाता था। आज वही समाज “मुझे क्या” की मानसिकता में सिमटता जा रहा है। परिणाम यह है कि अपराधी मानसिकता को न तो समय पर चुनौती मिलती है और न ही कोई सामाजिक प्रतिरोध। इसी के साथ कानून का घटता भय भी स्थिति को और जटिल बना रहा है। जब सजा में देरी होती है, जब न्याय की प्रक्रिया लंबी और अनिश्चित हो जाती है, तो अपराधी के मन में यह विश्वास पनपता है कि वह बच सकता है।
अब सवाल सिर्फ सरकार से नहीं, समाज से भी है। क्या हमने अपने युवाओं को केवल शिक्षा दी, या उन्हें जीवन के मूल्य भी सिखाए? क्या हम अपने आसपास घट रही असामान्य गतिविधियों को पहचान पा रहे हैं? या फिर हम चुप रहकर अनजाने में अपराध को बढ़ावा दे रहे हैं? यह कड़वा सत्य स्वीकार करना होगा कि अपराध केवल अपराधी की देन नहीं होता, समाज की उदासीनता भी उसे जन्म देती है।
सरकार के सामने भी चुनौती स्पष्ट है। नशे के खिलाफ निर्णायक और कठोर कार्रवाई के बिना स्थिति नहीं सुधरेगी। कानून का भय स्थापित करना होगा—ऐसा भय जो केवल कागजों में नहीं, बल्कि लोगों के मन में दिखे। महिला सुरक्षा को शहरों तक सीमित रखने के बजाय गांव-गांव तक मजबूत करना होगा। साथ ही मानसिक स्वास्थ्य और परामर्श की व्यवस्था को शिक्षा प्रणाली का हिस्सा बनाना समय की मांग है।
यह घटनाएं अलग-अलग जिलों की अलग-अलग कहानियां नहीं हैं। यह एक ही चेतावनी के अलग-अलग रूप हैं, जो हमें बार-बार झकझोर रही हैं। अभी भी समय है कि समाज और सरकार अपनी-अपनी भूमिका को समझें, जिम्मेदारी लें और मिलकर उस हिमाचल को बचाने का प्रयास करें, जिसकी पहचान जर्नल जोरावर सिंह व मेजर सोमनाथ शर्मा से लेकर शौर्य कालिया , संजय कुमार और विक्रम बत्रा वीरों व कंकरी देवी जैसी वीरांगना की गाथाओं से अटा पड़ा है।
ये घटनाएं केवल खबर नहीं हैं, बल्कि हिमाचल की आत्मा पर लगे घाव हैं—और अगर अब भी हम नहीं जागे, तो यह घाव हमारी वीर-वीरांगनाओं पहचान को ही आपराधिक आचरण के लोगों में बदल देंगे।