
मोहिंद्र प्रताप सिंह राणा/ ग्राम परिवेश
विधानसभा सचिवालय के मुख्य समिति कक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता में विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां ने चौदहवीं विधानसभा के 11वें सत्र के दूसरे चरण की रूपरेखा स्पष्ट करते हुए बताया कि एक माह के अंतराल के पश्चात यह चरण 18 मार्च 2026 से प्रारंभ होगा। पूर्वाह्न 11 बजे आरंभ होने वाले इस चरण में कुल 13 बैठकें प्रस्तावित हैं, जिन्हें मिलाकर बजट सत्र की कुल बैठकों की संख्या 16 हो जाएगी।
उन्होंने जानकारी दी कि 18, 19 और 20 मार्च को राज्यपाल के अभिभाषण पर विस्तृत चर्चा होगी, जिसका समापन मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा 20 मार्च को उत्तर के साथ किया जाएगा। इसके उपरांत 21 मार्च को मुख्यमंत्री द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट सदन में प्रस्तुत किया जाएगा, जो इस सत्र का केंद्रीय बिंदु रहेगा।

बजट प्रस्तुतिकरण के बाद 23 से 25 मार्च तक सामान्य चर्चा आयोजित होगी, जबकि 27, 28 और 30 मार्च को बजट की मांगों पर विचार-विमर्श एवं मतदान किया जाएगा। 30 मार्च को ही विनियोग विधेयक पर प्रस्तुति, चर्चा और पारण की प्रक्रिया पूर्ण की जाएगी। 31 मार्च को गैर-सरकारी सदस्य दिवस के रूप में निर्धारित किया गया है, जबकि 1 और 2 अप्रैल को शासकीय एवं विधायी कार्य संपादित किए जाएंगे।
अध्यक्ष ने यह भी बताया कि अब तक सदस्यों से कुल 834 प्रश्न प्राप्त हुए हैं, जिनमें 665 तारांकित और 169 अतारांकित प्रश्न शामिल हैं। इनमें पूर्व चरण के 125 प्रश्न भी समाहित हैं। सभी प्रश्न ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त होकर नियमानुसार सरकार को अग्रेषित कर दिए गए हैं। इसके अतिरिक्त विभिन्न नियमों के अंतर्गत प्राप्त सूचनाओं को भी आगामी कार्रवाई हेतु भेजा जा चुका है।

प्रश्नों के माध्यम से उभरते मुद्दों में इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि, विद्यालयों के बोर्ड परिवर्तन, आधारभूत ढांचे—जैसे सड़क और पुल निर्माण—शैक्षणिक एवं स्वास्थ्य संस्थानों का उन्नयन, रिक्त पदों की पूर्ति, पर्यटन, उद्यान, पेयजल आपूर्ति, युवाओं में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति, अपराध की स्थिति, सौर ऊर्जा और परिवहन व्यवस्था जैसे विषय प्रमुख रूप से सामने आए हैं। इसके साथ ही सदस्यों ने अपने-अपने निर्वाचन क्षेत्रों की जमीनी समस्याओं को भी सदन के समक्ष रखने का प्रयास किया है।
पठानियां ने सत्ता और विपक्ष दोनों से आग्रह किया कि वे सत्र के संचालन में रचनात्मक सहयोग दें और सदन के समय का सदुपयोग प्रदेश हित से जुड़े मुद्दों की सार्थक बहस में करें, ताकि इसका वास्तविक लाभ जनता तक पहुंच सके। उन्होंने सरकार से भी अपेक्षा जताई कि वह सदस्यों द्वारा उठाए गए प्रश्नों के तथ्यपूर्ण और स्पष्ट उत्तर देने में तत्परता दिखाए। प्रेस वार्ता के दौरान अध्यक्ष ने पत्रकारों के प्रश्नों का भी विस्तार से उत्तर दिया।