
हरीवाला प्रभारी, जनसंपर्क, झाकड़ी
भारत के गणतंत्र का सार केवल तिरंगे के आरोहण में नहीं, बल्कि संविधान की उस जीवंत चेतना में निहित है जो नागरिकों को अधिकार, कर्तव्य और राष्ट्र को आत्मनिर्भरता की दिशा देती है। 26 जनवरी 1950 को लागू हुए भारतीय संविधान ने लोकतंत्र को केवल शासन प्रणाली नहीं, बल्कि लोककल्याण का सतत अभियान बनाया। इसी भावना के अनुरूप देश की ऊर्जा सुरक्षा और विकास के प्रतीक नाथपा–झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन में 77वां गणतंत्र दिवस गरिमा, राष्ट्रभक्ति और उपलब्धियों के गौरव के साथ मनाया गया।

देश के सबसे बड़े 1500 मेगावाट क्षमता वाले भूमिगत नाथपा–झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन परिसर में 77वां गणतंत्र दिवस उल्लासपूर्ण और अनुशासित वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ परियोजना प्रमुख राजीव कपूर द्वारा ध्वजारोहण के साथ हुआ। इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा ऑपरेशन सिंदूर के दौरान सर्वोच्च बलिदान देने वाले सैनिकों, अर्धसैनिक बलों एवं पुलिस कर्मियों को नमन किया गया। साथ ही परियोजना के निर्माण और संचालन में प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से योगदान देने वाले कर्मचारियों के परिश्रम, समर्पण और त्याग को भी सम्मानपूर्वक स्मरण किया गया।

अपने संबोधन में मुख्य अतिथि ने कहा कि 26 जनवरी 1950 को संविधान के लागू होने के साथ ही भारत के नागरिकों को मूल अधिकार प्राप्त हुए, जिससे गणतंत्र केवल सत्ता का ढांचा नहीं बल्कि समानता, न्याय और विकास का जीवंत संकल्प बना। तिरंगे के आरोहण के साथ उपस्थित जनसमूह में राष्ट्रगौरव और लोकतांत्रिक चेतना का सशक्त संचार देखने को मिला।
उन्होंने देश के चहुंमुखी विकास में विद्युत क्षेत्र की निर्णायक भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नाथपा–झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन इस दिशा में एक मील का पत्थर है। परियोजना ने 18 जनवरी 2026 को दूसरी सबसे तेज़ 7000 मिलियन यूनिट ऊर्जा उत्पादन का रिकॉर्ड स्थापित कर नया कीर्तिमान रचा, जिससे 26 जनवरी 2025 को बने पूर्व रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया गया। नवंबर 2025 में स्टेशन ने 331.214 मिलियन यूनिट का दूसरा सर्वाधिक मासिक उत्पादन दर्ज किया, जो वर्ष 2011-12 के रिकॉर्ड से अधिक है, जबकि नवंबर माह का सर्वकालिक सर्वोच्च उत्पादन 408.909 मिलियन यूनिट (वर्ष 2010-11) रहा है। इसके अतिरिक्त 29 नवंबर 2025 को परियोजना ने 6612 मिलियन यूनिट डिज़ाइन ऊर्जा उत्पादन का लक्ष्य हासिल कर 1 दिसंबर 2024 के रिकॉर्ड को भी पार किया।
कार्यक्रम में निगम की अन्य उपलब्धियों की जानकारी देते हुए बताया गया कि 1000 मेगावाट बीकानेर सोलर परियोजना ने 24 दिसंबर 2025 को अपनी कमर्शियल ऑपरेशन डेट (COD) प्राप्त कर ली है, जो प्रतिवर्ष 2455 मिलियन यूनिट विद्युत उत्पादन करेगी। वहीं 1320 मेगावाट बक्सर थर्मल परियोजना की पहली 660 मेगावाट इकाई ने 14 नवंबर 2025 को COD हासिल की, जिसका उद्घाटन 22 अगस्त 2025 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किया गया था।
अंत में परियोजना प्रमुख ने नाथपा–झाकड़ी हाइड्रो पावर स्टेशन की इन उपलब्धियों के लिए सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, हिमाचल प्रदेश सरकार, राज्य की विभिन्न एजेंसियों तथा विद्युत मंत्रालय एवं प्रबंधन के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया।