अमृतसर में दिन का तापमान 10.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8.4 किया गया दर्ज !
पंजाब के 13 जिलों में गुरुवार को कोल्ड डे की स्थिति दर्ज की गई है। इन जिलों में दिन का तापमान 15 डिग्री से नीचे रहा है। कोल्ड डे की स्थिति पर दिन में गलन और शीत लहर बढ़ती है। ठंड असहनीय होती है। मौसम विभाग के मुताबिक अमृतसर, लुधियाना, पटियाला, गुरदासपुर, फिरोजपुर समेत 13 जिलों में दिन का तापमान 10 से 16 डिग्री के बीच रिकॉर्ड किया गया। अमृतसर में दिन का तापमान 10.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 8.4 दर्ज किया गया। दिन व रात के तापमान सिर्फ 1.7 डिग्री का अंतर है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक अगले दो दिन सीवियर कोल्ड डे की स्थिति बन सकती है। इस स्थिति में दिन का तापमान दस डिग्री से नीचे दर्ज किया जाता है। प्रदेश में गुरदासपुर में सबसे ठंडा जिला रहा है। यहां पर न्यूनतम तापमान 5.0 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। बठिंडा में दृश्यता शून्य मीटर दर्ज की गई। वहीं अमृतसर में 100 मीटर, लुधियाना में मात्र 20 मीटर, पटियाला में 40 मीटर और उधर, हरियाणा के हिसार में 300 मीटर, अंबाला में 150 मीटर और करनाल में 50 से 200 मीटर के बीच रही। गुरदासपुर के अलावा पंजाब के अमृतसर में न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री, लुधियाना में 8.0 डिग्री, पटियाला में 8.2 डिग्री, पठानकोट में 8.5, बठिंडा में 5.8, जालंधर में 8.6 डिग्री दर्ज किया गया।