जुब्बल उपमंडल के छोटे से गाँव झाखोल में जन्मे फ़्लाइट लेफ़्टिनेंट अर्शवीर सिंह ठाकुर ने हिमाचल के आकाश में साहस और गौरव का ऐसा दीप प्रज्वलित किया है, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्तंभ बनेगा। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान के बहावलपुर और मुरिदके में आतंक के अड्डों को जिस अद्वितीय शौर्य और अचूक निशानेबाज़ी से ध्वस्त किया, उसने न केवल भारतीय वायुसेना के शौर्य-इतिहास में स्वर्णाक्षर जोड़े, बल्कि मातृभूमि की सुरक्षा को भी अभेद्य कवच प्रदान किया।

राष्ट्रपति द्वारा उन्हें युद्धकालीन वीरता के तीसरे सर्वोच्च सम्मान ‘वीर चक्र’ से अलंकृत किया जा रहा है — और यह गौरव हासिल करने वाले वे ऑपरेशन सिंदूर के एकमात्र फ़्लाइट लेफ़्टिनेंट हैं। यह सम्मान न केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि है, बल्कि उस अनुशासन, त्याग और अदम्य संकल्प का प्रमाण भी है, जो किसी सैनिक को साधारण से असाधारण बनाता है।

सेवानिवृत्त विद्युत बोर्ड कर्मचारी पिता नरवीर सिंह ठाकुर और सरकारी स्कूल की शारीरिक शिक्षा अध्यापिका माता अमरजीत कौर के संस्कारों में पले अर्शवीर ने साबित किया कि जब रगों में देशप्रेम हो, तो आकाश भी सीमित नहीं रहता। अर्शवीर के माता-पिता दोनों श्रेष्ठ खिलाड़ी रहे हैं।

इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस पर 127 वीरता सम्मान, 40 विशिष्ट सेवा पदक और 290 मेंशन-इन-डिस्पैचेज़ की घोषणा की गई, जिनमें 15 वीर चक्र भी शामिल हैं। इन सम्मानों में वे योद्धा शामिल हैं जिन्होंने पाकिस्तान की धरती पर सटीक हवाई प्रहार कर आतंक के गढ़ों को जड़ से समाप्त किया और देश के आसमान को दुश्मन के मंसूबों से महफूज़ रखा।

नौ वायुसेना के पायलटों को इस अभियान में असाधारण प्रदर्शन के लिए वीर चक्र मिला, परंतु अर्शवीर सिंह की उपलब्धि, उनके अद्वितीय साहस और युवा ऊर्जा के कारण, विशेष रूप से इतिहास में दर्ज हो गई है। उनका यह कारनामा़ झाखोल गाँव से लेकर पूरे हिमाचल और भारत के हृदय में गर्व और कृतज्ञता की अमिट छाप छोड़ गया है — एक सजीव प्रमाण कि “जब आकाश की ऊँचाई को भी चुनौती दे दी जाए, तभी सच्चा सपूत जन्म लेता है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *